रांची: रातू थाना क्षेत्र में मंगलवार को हुए गैंगरेप मामले में पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. जब झखराटांड़ की रहने वाली 14 वर्षीया नाबालिग मंगलवार की शाम 6.30 बजे अपने घर से निकल कर शौच के लिए खेत की ओर गयी थी. उसी समय चार युवकों ने उसे पकड़ लिया. जबरन उसका मुंह बंद कर उसे मुंडाटोली टोंगरी ले गये. जहां रस्सी से बांध कर तीन युवकों ने बारी -बारी से इस घटना को अंजाम दिया. बाद में उसे छोड़ दिया.
बता दें कि घटना के बाद नाबालिग ने घर पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी परिजनों को दी. पूरे मामले को जानने के बाद रात करीब नौ बजे परिजन उसे ले कर रातू थाना पहुंचे. पीड़िता ने गांव के आसपास के ही चार युवकों के नाम से शिकायत दर्ज करायी है. भुक्तभोगी के बयान के मुताबिक चारों लड़के उसके गांव के अगल – बगल के ही रहने वाले हैं.
उसने अपने साथ घटी घटना की जानकारी देते हुए बताया कि कैसे उन युवकों ने उसके साथ इस घिनौने घटना को अंजाम दिया. एक युवक उसे बांध कर पकड़ा रहा और तीन युवकों ने उसके साथ बारी – बारी से गंदा काम किया. रातू के थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. गिरफ्तार अरोपियों में एक प्रदुम महतो उर्फ राजकुमार महतो और तीन नाबालिग शामिल है.

