भोपाल से लोकसभा सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने नवरात्र पर लाउडस्पीकर और डीजे देर तक बजाने को लेकर कहा है कि क्या सारे नियम, कायदे, कानून सिर्फ हिन्दुओं के लिए ही बनें हैं। हम इसे नहीं मानेंगे। नवरात्र पर हम लाउडस्पीकर-डीजे सब बजाएंगे। अपने बयानों को लेकर विवादों में रहने वाले साध्वी ने कहा कि नवरात्र पर डीजे और लाउडस्पीकर बजाने को लेकर कोई गाइडलाइन नहीं है। इस नवरात्र पर हम लाउडस्पीकर-डीजे सब बजायेंगे। जब उन्हें लाउडस्पीकर के मामले में कोर्ट के फैसले की याद दिलाई गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें कोर्ट का यह फैसला मंजूर नहीं है। बता दें कि साध्वी प्रज्ञा भोपाल में पत्रकारों से बात कर रही थीं। इसी दौरान पूछे गए एक सवाल के जवाब में साध्वी प्रज्ञा ने यह जवाब दिया।
खटलापुरा नाव हादसे के बाद दुर्गा पंडालों और प्रतिमाओं को लेकर जिला प्रशासन की गाइडलाइन पर सियासत गरमा गई है। पिछले दिनों हुई जिला योजना समिति की बैठक का भाजपा सांसद और विधायकों ने बहिष्कार किया। भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा ने प्रशासन की नई गाइलाइन को लेकर कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा है। बीजेपी के साथ ही हिंदूवादी संगठनों ने भी जिला प्रशासन की गाइडलाइन का विरोध किया है। साध्वी प्रज्ञा की मानें तो प्रशासन का आदेश हिंदू धर्म विरोधी है। साध्वी प्रज्ञा ने प्रतिमाओं की ऊंचाई के साथ ही दुर्गा पंडालों में डीजे साउंड बजाने की समय सीमा तय करने का भी विरोध किया हैं।
साध्वी ने ऐलान किया है कि साउंड तब तक बजेंगे जब तक हमारा मन होगा। उन्होंने कहा कि अगर साउंड का प्रतिबंध हम पर लागू हुआ तो फिर कभी किसी का साउंड नहीं बजेगा। जब तक देवी की आराधना चलेगी तब तक साउंड बजेगा। साध्वी प्रज्ञा ने कोर्ट की गाइडलाइन पर टिप्पणी करते हुए कहा, कोई गाइडलाइन किसी की नहीं होती। हिंदू तीज त्योहार पर क्यों सारी गाइडलाइन लाद दी जाती हैं? साध्वी प्रज्ञा ने प्रशासन की नई गाइडलाइन को लेकर कांग्रेस सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा है कि कांग्रेस की आदत है। त्यौहारों के वक्त नियम कानून के दायरे में ला देना है।
गौरतलब है कि यह कोई पहला मौका नहीं जब साध्वी प्रज्ञा ने विवादित बयान दिया हो। इससे पहले साध्वी प्रज्ञा ने कहा था कि बाबरी मस्जिद गिराए जाने पर उन्हें गर्व है। प्रज्ञा ठाकुर ने एक टीवी चैनल में कहा था कि बाबरी मस्जिद का ढांचा गिराने का अफसोस नहीं है। ढांचा गिराने पर तो हम गर्व करते हैं। हमारे प्रभु रामजी के मंदिर पर अपशिष्ट पदार्थ थे। उनको हमने हटा दिया। भाजपा ने प्रज्ञा ठाकुर को भोपाल से उम्मीदवार बनाया था। प्रज्ञा ने इससे पहले मुंबई के एटीएस प्रमुख रहे और आतंकवादियों की गोली से शहीद हुए हेमंत करकरे पर विवादित बयान दिया था। मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया था कि उन्होंने करकरे से कहा था कि तुम्हारा सर्वनाश होगा। इसके बाद प्रज्ञा की टिप्पणी पर खूब विवाद हुआ। बाद में उन्हें अपने बयान वापस भी लेने पड़े मामले के तूल पकड़ने पर उन्होंने बयान वापस लेते हुए माफी भी मांग ली थी।

