सरायकेला/ खरसावां: झारखंड सरकार के वरीय पुलिस पदाधिकारियों ने शनिवार को नक्सल प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया. हेलीकाप्टर द्वारा चले सर्वेक्षण में एडीजी (अभियान) मुरारी लाल मीणा, आईजी (अभियान) साकेत कुमार सिंह, डीआईजी रांची अमोल वेनोटकर, डीआईजी कोल्हान कुलदीप द्विवेदी, एसपी सरायकेला कार्तिक एस शामिल हुए.
सबसे पहले टीम ने पूरे इलाके का हवाई सर्वेक्षण किया फिर सघन रुप से नक्सल प्रभावित इलाकों के लोगों के साथ बैठक कर उनका हालचाल जाना. इस संबंध में जानकारी देते हुए कोल्हान के डीआईजी कुलदीप द्विवेदी ने कहा कि इस सर्वेक्षण कार्यक्रम के दौरान इन क्षेत्रों में कैसे विकास की बयार बहे तथा नक्सलियों को कैसे खदेड़ा जाए, इसको लेकर भी रणनीति बनायी गयी है. डीआईजी ने उम्मीद जताते हुए कहा कि आने वाले दिनों इन क्षेत्रों में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा.

