रांची: झारखंड में एनडीए बिखर चुका है और अब भाजपा ने अपने बलबुते चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी की है. भाजपा ने प्रत्येक चरण के चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दो सभाएं आयोजित करने का प्रस्ताव केंद्रीय नेतृत्व को भेजा है.
प्रदेश भाजपा के रणनीतिकारों ने विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कम से कम दस विधानसभा क्षेत्रों में जनसभा आयोजित करने की तैयारी की है. हालांकि अभी प्रदेश भाजपा की ओर से यह प्रस्ताव केंद्रीय नेतृत्व को भेजा गया है और केंद्रीय नेतृत्व तथा पीएमओ से सहमति मिलने के बाद प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जाएगा.
इधर, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्रियों का चुनावी कार्यक्रम तय किया जा रहा है. 13 नंवबर को पहले चरण के लिए नामांकन दाखिल करने का काम खत्म हो जाने के बाद चुनाव प्रचार तेज होने की संभावना है. वहीं चुनाव प्रचार का सारा दारोमदार मुख्यमंत्री रघुवर दास पर ही होगा.

