खूंटी: खूंटी समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सूरज कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई. इसमें जिला विधिक सेवा प्राधिकार खूंटी द्वारा आगामी 2 फरवरी 2020 को नगर भवन डाक बंगला रोड, खूंटी में “Protection of Rights of Children Persons and Differently Able Persons” विषय पर जोनल जज, झारखंड उच्च न्यायालय की अध्यक्षता में विधिक सेवा सशक्तिकरण कैंप के आयोजन से सम्बंधित विचार-विमर्श किया गया. इस दौरान उपायुक्त द्वारा आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया.
मौके पर चर्चा की गई कि इसमें विभिन्न विभागों यथा श्रम विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण विभाग, कल्याण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, कौशल विकास विभाग, सामाजिक सुरक्षा विभाग, मनरेगा एवं अन्य सरकारी विभागों की लाभकारी योजनाओं की सहायता लाभुकों में वितरित की जाएगी. साथ ही विविध परिसंपतियों का वृहद वितरण किया जाएगा. इसमें समाज कल्याण विभाग से संबंधित मामले जैसे कन्यादान, व्हीलचेयर, ट्राई साइकिल आदि, आपूर्ति विभाग के मामले जैसे अंत्योदय राशन कार्ड, जन वितरण प्रणाली आदि, शिक्षा विभाग से संबंधित मामले जैसे मानव व्यापार से बरामद बच्चों का स्कूली में प्रवेश आदि, सामाजिक सुरक्षा से संबंधित मामले जैसे वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन इत्यादि, श्रम विभाग से संबंधित लाभ, ग्रामीण विकास विभाग तथा मनरेगा के तहत जॉब कार्ड का वितरण, स्वास्थ्य विभाग के द्वारा लाभ दिये जा रहे है.
असंगठित क्षेत्र के मजदूरों को दिए जाने वाले लाभ व मत्स्य विभाग द्वारा लाभों का वितरण किया जाएगा. इसके साथ ही सभी विभाग अपनी योजनाओं के लाभ को वितरित करने के लिए अलग-अलग स्टॉल भी लगाएंगे. इसमें स्वास्थ्य विभाग, मत्स्य विभाग, गव्य विभाग, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, समाज कल्याण विभाग, कल्याण विभाग, कौशल विकास विभाग, श्रम विभाग व अन्य विभाग शामिल है.
इस आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा की जाने वाली तैयारियो के लिए उपायुक्त, खूंटी के द्वारा कार्यक्रम व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की गई. साथ ही जिले में यातायात, सुरक्षा सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार- विमर्श किया गया. बैठक के दौरान कार्यक्रम के सुव्यवस्थित संचालन हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए गए.
उपायुक्त द्वारा निर्देशित किया गया कि इस अवसर पर परिसंपत्तियों का वितरण एवं योजनाओं के उदघाटन सुचारू व व्यवस्थित रूप से कराना सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि परिसंपत्तियों का वितरण व्यवस्थित ढंग से अधिकारी अपने देखरेख में कराना सुनिश्चित करेंगे. उपायुक्त ने बताया कि समारोह को भव्य रूप से सम्पन्न कराने हेतु सभी पदाधिकारी व कर्मी अपने दायित्वों का पूर्ण पालन करें.

