रांची: राज्यभर में होलिका दहन को लेकर आवश्यक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. होलिका दहन को लेकर विभिन्न चैक-चैराहे पर लकड़ियां एकत्रित की गयी है और देर शाम पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ होलिका दहन का आयोजन होगा.
वहीं पुलिस-प्रशासन की ओर से होलिका दहन को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये है. इसी क्रम में राजधानी रांची में सुरक्षा बलों की ओर से फ्लैग मार्च किया गया.
इधर, रंगों का त्यौहार होली कल राज्यभर में मनायी जाएगी. राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यवासियों को होली की शुभकामनाएं दी है. मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा है कि रंगों का त्योहार होली सभी के जीवन में खुशियां और उल्लास लेकर आए.
होली का त्यौहार शांति व सद्भाव के बीच संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है. इस दौरान विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किये गए है. चतरा जिले के सभी संवेदनशील स्थानों के लिए दंडाधिकारियों के साथ- साथ सुरक्षाकर्मियों की भी प्रतिनियुक्ति कर दी गई है.
जिला प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने का आदेश दिया है. इस दौरान शांति व्यवस्था को भंग करने वाले असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर विशेष रूप से नजर रखी जाएगी.

