रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा के मुखिया और राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन की तबीयत बिगड़ गई है. इस बीच उन्हें दिल्ली से सटे गुरुग्राम के मेदांता हॉस्पिटल में शिफ्ट कराने की तैयारी की जा रही है. कोरोना वायरस से संक्रमित शिबू सोरेन अभी रांची के मेदांता अस्पताल में भर्ती हैं.
सूत्रों के मुताबिक, मेदांता प्रबंधन ने हाईलेवल मीटिंग के बाद जेएमएम सुप्रीमो को दिल्ली ले जाने का फैसला लिया है. एहतियातन उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में शिफ्ट करने को लेकर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.
शिबू सोरेन कोरोना वायरस से संक्रमित हैं. उन्हें सांस लेने में कठिनाई के बाद सोमवार को रांची के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया. उनको डायबिटिज समेत कई और बीमारियां भी पहले से हैं.
इस बीच मंगलवार को एहतियातन उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में शिफ्ट का फैसला लिया गया. शिबू सोरेन के साथ-साथ उनकी पत्नी रूपी सोरेन का भी कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया था, उनका इलाज होम आइसोलेशन में ही चल रहा है.
वहीं, राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन के जल्द स्वस्थ होने को लेकर सूबे में प्रार्थना का दौर भी शुरू हो गया है. उनके पैतृक गांव रामगढ़ के गोला में लोग उनके जल्दी ठीक होने की कामना कर रहे हैं.
इस बीच रांची जिला पुलिस बल के एक जवान ने शिबू सोरेन के लिए प्लाज्मा डोनेट किया है. सोमवार रात ढ़ाई बजे रांची जिला पुलिस बल के जवान लल्लू कुमार यादव ने प्लाज्मा डोनेट किया.

