रांची: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 28 फरवरी को रांची आयेंगे. वे सेंट्रल यूनिवर्सिटी झारखंड (सीयूजे) के पहले दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे. दीक्षांत समारोह का आयोजन 28 फरवरी को विवि के चेड़ी-मनातू स्थित नये कैंपस शाम 4.40 बजे समारोह में उपस्थित रहेंगे. वहां वे साढ़े पांच बजे तक रहेंगे. दीक्षांत समारोह के समापन के बाद राष्ट्रपति राजभवन लौटेंगे. दूसरे दिन 29 को वे विशुनपुर व देवघर जायेंगे.
राष्ट्रपति की दो दिवसीय झारखंड यात्रा को लेकर रांची, देवघर और गुमला में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये है. राजधानी रांची में हवाईअड्डे से लेकर सीयूजे स्थित कार्यक्रम स्थल सहित पूरे शहर में अतिरिक्त तीन हजार पुलिस बलों की प्रतिनयुक्ति की गई है.
एयरपोर्ट से कांके रोड होते हुए सड़क मार्ग से राष्ट्रपति के सीयूजो तक पहुंचने का कार्यक्रम निर्धारित है. सुरक्षा में प्रतिनियुक्त पुलिसकर्मियों को सुरक्षा ड्यूटी के दौरान हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया गया है. सुरक्षा के लिए 4 आइपीएस, 24 डीएसपी, 60 इंस्पेक्टर और 250 सबइंस्पेक्टरों को तैनात किया जाएगा.
राष्ट्रपति के रांची पहुंचने के बाद एयरपोर्ट से लेकर चेड़ी मनातू स्थित सीयूजे कैंपस तक की रूट के लिए तैयारी की गई है. राष्ट्रपति के गुजरने वाली रूट पर पुलिस के जवान तैनात होंगे. साथ ही इस रूट की हर ऊंची इमारतों से भी पुलिस के जवान निगरानी करेंगे.
फिलहाल, सैकड़ों की संख्या में पुलिस बल सीयूजे कैंपस में तैनात किए जा चुके हैं. वहीं चेड़ी मनातू स्थित सीयूजे कैंपस में तीन लेयर की सुरक्षा होगी. तीनों लेयर में जांच के बाद ही लोगों को प्रवेश कराया जाएगा. इसे लेकर एसएसपी ने निर्देश दिया है कि हर लेयर पर तैनात पुलिसकर्मियों को अच्छे से पेश आना है.
कार्यक्रम में पहुंचने वालों से पुलिसकर्मी उलझें नहीं. कोई संदिग्ध लगने पर उनका सत्यापन किया जाए. प्रवेश द्वार पर तैनात पुलिसकर्मियों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है. चूंकि प्रवेश द्वार पर तैनात पुलिसकर्मियों की ही मुख्य भूमिका है. मेटल डिटेक्टर से अच्छी तरह जांच के बाद ही लोगों को भीतर भेजा जाएगा.

