ज्योत्सना
खूंटी: आसन्न विधान सभा निर्वाचन 2019 के तहत 59 तोरपा एवं 60 खूंटी विधान सभा क्षेत्र के चुनाव कार्य को सफल बनाने हेतु राजकीय कन्या मध्य विद्यालय, खूंटी में प्रतिनियुक्त पीठासीन पदाधिकारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया.
प्रशिक्षण के दौरान पीठासीन पदाधिकारियों को पीपीटी के माध्यम से पीठासीन पदाधिकारी की हस्त पुस्तिका एवं विभिन्न तरह के लगने वाले प्रपत्र विधिक लिफाफा, अविधिक लिफाफा को हस्तगत कराकर बारी-बारी से प्रपत्रों के संधारण करने सहित स्ट्रांग रुम में खुले पैकेट यथा- पीठासीन पदाधिकारी की डायरी, मतपत्र लेखा (17 क), घोषणा पत्र, माॅक पोल रिपोर्ट, विजिट शीट सहित रिटर्ननिंग ऑफिसर द्वारा निर्देशित अन्य प्रपत्रों के संधारण करने के संबंध में विस्तार से प्रशिक्षित किया गया.
प्रशिक्षण कोषांग के वरीय पदाधिकारी सह उप विकास आयुक्त अरविंद कुमार मिश्रा, प्रशिक्षण कोषांग प्रभारी कनक, शशिबाला रूंडा, प्रवीण सिन्हा व अमरेश कुमार की उपस्थिति में कोषांग के मास्टर ट्रेनर शुभनारायण झा, प्रदीप कुमार ओझा, देवेंद्र गोप, विष्णुनंद तिवारी, नरेश कुमार, बजरंग साहु, राजेश तिर्की, मनोज कुमार शुक्ला, गोपाल गौंझू, नीरज कुमार पाठक ने पीठासीन पदाधिकारियों को प्रशिक्षण दने का कार्य किया.

