रांची: रांची में एक युवक के फर्जीवाड़े से एक युवती का पूरा परिवार परेशान है जबकि युवती का जीना मुहाल हो गया. दरअसल, लोधमा के पुक्कु निवासी सुरेश उरांव ने करमटोली की युवती के साथ कोर्ट मैरेज का फर्जी सर्टीफिकेट बना लिया और युवती के परिवार पर शादी का दबाव बना रहा है.
पीड़िता के अनुसार, बीते दिसंबर को आरोपित ने मेरे परिजनों को बताया कि उसकी शादी मेरे साथ हो चुकी है. यह सुन पूरा परिवार सकते में आ गया. उसने फर्जी सर्टीफिकेट भी दिखाये. सर्टीफिकेट देख परिजन युवती पर ही शक कर रहा है. यही नहीं युवक आसपास के लोगों के बीच भी शादी हो जाने की खबर फैला दी है. इस कारण अब युवती की शादी नहीं हो रही है.
इधर, युवक के इस करतूत से परेशान युवती ने चार माह पहले ही महिला थाने में शिकायत दर्ज करायी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई. मंगलवार को युवती अपने परिजनों के साथ कचहरी रोड स्थित मुख्य रजिस्ट्री ऑफिस पहुंची. वहां, सर्टीफिकेट की जांच की गई तो फर्जी पाया गया.
सर्टीफिकेट 14 फरवरी 2017 का है. सर्टीफिकेट पर रजिस्ट्रार के रूप में अविनाश कुमार का साइन है जबकि 2017 में अविनाश कुमार रांची में पोस्टेड थे ही नहीं.
युवती के अनुसार, युवक सेना का जवान है. उसके करतूत की शिकायत सेना के उच्च अधिकारियों से भी की है. युवती ने बताया कि सेना के अधिकारी ने रजिस्ट्री ऑफिस से सर्टीफिकेट है ऐसा लिखवा कर लाने को कहा है.
एक नजर देखने पर सर्टिफिकेट बिलकुल असली दिखता है. उसपर युवक और युवती का फोटो भी है. इसपर युवती का कहना है कि फोटो सोशल मीडिया से लिया गया होगा. उसे नहीं मालूम. वहीं, जो मुहर लगाया हुआ है वह भी बिलकुल असली लगता है.
रजिस्ट्री ऑफिस में मैरेज सर्टीफिकेट कार्य फर्जी सर्टीफिकेट के 4-5 मामले सामने आते हैं. इसपर पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिये.

