रांची: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने आज चतरा विधानसभा क्षेत्र के पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को वर्चुअल रैली के माध्यम से संबोधित किया.
दास ने कहा कि कोरोना संक्रमण के फैलाव पर अंकुष को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशवासियों ने एकजुटता का प्रदर्शन किया. उन्होंने कहा कि देश में पूर्ण तालाबंदी के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रवासी श्रमिकों की घर वापसी में मदद और जरूरतमंद तथा गरीब परिवारों को भोजन उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभायी.
उन्होंने कहा कि देश को आत्मनिर्भर बनाने का मंत्र प्रधानमंत्री ने दिया है, देश की अर्थव्यवस्था मजबूत करने के लिए स्वदेशी जागरण अभियान चलाया जाएगा. दास ने कहा कि केंद्र सरकार ने हर जरूरतमंद परिवार को अनाज, महिला जनधन खाते में पांच-पांच सौ रुपये की सहायता, उज्ज्वला गैस कनेसनधारकों को आर्थिक सहायता और अन्य पेंशन योजनाओं का लाभ देने का काम किया है.

