ब्यूरो चीफ,
रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2014 के बाद अब तक आठ बार झारखंड आ चुके हैं. इनका रांची का यह चौथा दौरा होगा. विधानसभा चुनाव के पहले प्रधानमंत्री के दौरे को काफी अहम माना जा रहा है. लोकसभा चुनाव के दौरान रांची के रोड शो से रांची, खूंटी, लोहरदगा और हजारीबाग सीट भाजपा के लिए श्योर हो गयी थी. इस बार भी रांची यात्रा को लेकर यह माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव में विरोधी दलों को पस्त करने के लिए केंद्र सरकार कोई बड़ा सौगात दे सकती है. कल प्रधानमंत्री व्यवसायियों के लिए भी पेंशन योजना शुरू करेंगे. इसके अलावा झारखंड के नये सचिवालय भवन का शिलान्यास करेंगे. नया सचिवालय भवन 12 सौ करोड़ की लागत से बनाया जायेगा, जहां मुख्यमंत्री, कैबिनट के सभी मंत्रियों के बैठने के कक्ष से लेकर मुख्य सचिव और अन्य विभागीय प्रमुखों के कार्यालय रहेंगे. जिस तरह भाजपा ने अपने सहयोगी दल आजसू के साथ मिल कर 65 प्लस सीटें जीतने का लक्ष्य तैयार किया है. पीएम की यात्रा उसे और मजबूती देगी. पार्टी के दिग्गज नेता इसके लिए रांची में कई दिनों से एड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं. पार्टी की तरफ से कांग्रेस, झामुमो, झाविमो और राजद जैसे दलों की रणनीति पर भी गहराई से नजर रखी जा रही है.
इससे पहले प्रधानमंत्री ने रांची से आयुष्मान भारत योजना की शुरुआत की थी. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रांची से स्वस्थ रहने का संदेश पूरे देश वासियों को दिया था. अब 12 सितंबर को अपने रांची प्रवास के क्रम में प्रधानमंत्री झारखंड विधानसभा के नये भवन का उदघाटन करेंगे अर साहेबगंज में गंगा नदी पर बने नेशनल वाटर वे-1 टर्मिनल भवन का भी उदघाटन करेंगे. नया विधानसभा भवन निर्माण की अनूठी मिसाल मानी जा सकती है. इसमें 150 विधानसभा सदस्यों के बैठने से लेकर बेहतरीन लॉबियां बनायी गयी हैं, जिसका वास्तुशिल्प काफी नायाब है. साहेबगंज में टर्मिनल भवन बनाने के काम का शिलान्यास पीएम ने छह अप्रैल 2017 को किया था. इसे राष्ट्र को समर्पित करने के बाद वाराणसी से हल्दिया तक का जल मार्ग खुल जायेगा.
प्रधानमंत्री ने अपने झारखंड दौरे में 2 अक्तूबर 2015 को प्रधानमंत्री मुद्रा योजना की शुरुआत दुमका से की थी. उन्होंने 2015 में ही हजारीबाग से कोडरमा के बीच नयी डेमू रेलवे का परिचालन शुरू किया था. भारतीय कृषि शोध संस्थान के नये भवन का शिलान्यास भी 28 जून को बरही में किया गया था. इतना ही नहीं गोविंदपुर, जामताड़ा, दुमका, साहेबगंज हाइवे का उदघाटन भी इनके द्वारा किया गया था. 25 मई 2018 को सिंदरी खाद कारखाना, पतरातू थर्मल पावर स्टेशन की नयी यूनिट, देवघर एयरपोर्ट और देवघर एम्स का शिलान्यास इनके द्वारा किया गया था. रांची में गैस पाइपलाइन आपूर्ति व्यवस्था का शिलान्यास भी पीएम के हाथों ही किया गया था. 23 अप्रैल 2019 को लोकसभा चुनाव के दरम्यान इन्होंने रांची एयरपोर्ट से लेकर बिरसा चौक तक रोड शो आयोजित किया था.
कब-कब झारखंड आये पीएम
| तारीख | कार्यक्रम |
| 23 अप्रैल 2019 | रांची में रोड शो |
| 25 सितंबर 2018 | रांची में आयुष्मान भारत की शुरुआत |
| 21 जून 2019 | रांची में योगा दिवस |
| 25 मई 2018 | सिंदरी कारखाने का शिलान्यास |
| 6 अप्रैल 2017 | साहेबगंज में कार्यक्रम |
| 28 जून 2015 | बरही में कार्यक्रम |
| 2 अक्तूबर 2015 | खूंटी में कार्यक्रम |
| 20 फरवरी 2015 | हजारीबाग में कार्यक्रम |

