नई दिल्लीः कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक ट्वीट करके केंद्र सरकार को घेरा है। अपने इस ट्वीट में राहुल ने लिखा, ‘सरकार प्रॉफिट को प्राइवेटाइज कर रही है और घाटे का राष्ट्रीयकरण कर रही है। पीएसबी को मोदीक्रॉनी को बेचना भारत की वित्तीय सुरक्षा के साथ समझौता है। मैं इस मसले पर बैंक कर्मचारियों के साथ हूं।’
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने रविवार को भी एक ट्वीट के जरिये केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया था। उन्होंने रविवार को अपने ट्वीट में लिखा, ‘केंद्र सरकार की दोनों हाथों से दिनदहाड़े लूट- 1. गैस-डीज़ल-पेट्रोल पर जबरदस्त टैक्स वसूली। 2. मित्रों को पीएसयू-पीएसबी बेचकर जनता से हिस्सेदारी, रोजगार व सुविधाएं छीनना। पीएम का एक ही कायदा, देश फूंककर मित्रों का फायदा।’ वहीं, बैंक हड़ताल का मुद्दा संसद में भी उठाया जाएगा। बता दें कांग्रेस सांसद एम. टैगोर और राजद सांसद मनोज झा ने मंगलवार को संसद में स्थगन प्रस्ताव दिया है और बैंक कर्मचारियों की मांग पर चर्चा करने को कहा है। उल्लेखनीय है कि नौ यूनियनों के सम्मिलित संगठन यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंकिंग यूनियन ने एक बयान में दावा किया है कि बैंकों के लगभग 10 लाख कर्मचारी और अधिकारी हड़ताल में भाग ले रहे हैं। इसके पहले बीते शनिवार और रविवार को बैंक छुट्टी के चलते बंद थे और अब सोमवार-मंगलवार को हड़ताल की वजह से आमजन को काफी परेशानी हो रही है.

