नई दिल्ली: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की रिहाई की मांग की है. साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों की सेवा करने के कारण उन्हें जेल में डाला गया है.
प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, “गांधीजी ने हमें सिखाया कि दमन करने वाले आपको अच्छे काम करने से रोकेंगे. आप सत्य के आग्रह के साथ अपने कर्म पर डटे रहिए.” कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी ने आरोप लगाया, “उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय लल्लू जी को सेवा करने के लिए जेल में डाला गया. सेवा सत्याग्रह के जरिए हम इस दमन का विरोध कर रहे हैं.”
रणदीप सुरजेवाला ने भी किया ट्वीट
कांग्रेस के कई अन्य नेताओं ने शनिवार को पार्टी के ‘सेवा सत्याग्रह’ अभियान के तहत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से लल्लू की रिहाई की मांग की. पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट किया, “क्या जन सेवा अब पाप है? क्या मजदूरों के साथ खड़े होना अपराध है? क्या उन्हें घर पहुंचाना गुनाह है? अगर नहीं, तो अजय लल्लू को तानाशाही भाजपा सरकार के द्वारा जेल की सलाखों के पीछे क्यों डाला गया है? फौरन रिहा करें.”
बस प्रकरण के चलते हुए थे गिरफ्तार
गौरतलब है कि लॉकडाउन के दौरान बस प्रकरण के मामले में उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष लल्लू को गिरफ्तार किया गया है. फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में हैं और कांग्रेस पार्टी उनकी रिहाई की मांग कर रही है.

