नई दिल्ली : देश में आर्थिक मंदी के को लेकर कांग्रेस नेता और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा लगातार केंद्र सरकार पर हमला करती रही है. एक बार फिर अर्थव्यवस्था में सुस्ती और वाहनों की बिक्री में गिरावट को लेकर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधा.
प्रियंका ने ट्वीट कर सवाल किया कि आखिर सरकार मंदी पर अपनी आंखें कब खोलेगी. उन्होंने लिखा कि अर्थव्यवस्था मंदी की गहरी खाई में गिरती ही जा रही है. लाखों हिंदुस्तानियों की आजीविका पर तलवार लटक रही है.
प्रियंका ने आगे कहा कि ऑटो सेक्टर और ट्रक सेक्टर में गिरावट प्रोडक्शन-ट्रांसपोर्टेशन में नकारात्मक विकास और बाजार के टूटते भरोसे की निशानी है. उन्होंने सवाल किया कि सरकार कब अपनी आंखें खोलेगी?
दरअसल प्रियंका ने जिस ट्वीट के माध्यम से सरकार पर निशाना साधा है, उस ट्वीट में एक वेबसाइट की खबर शेयर की है, जिसमें ऑटो सेक्टर के खराब हालतों का जिक्र हैं, खबर में कहा गया है कि मारूति के बाद अब अशोक लेलैंड ने अपना चेन्नई प्लांट पांच दिनों के लिए बंद करने का फैसला किया है.
प्रियंका गांधी ट्वीटर के माध्यम से मोदी सरकार पर हमला करती रही है. इससे पहले प्रियंका ने ट्वीट कर कहा था कि काउंटडाउन हर दिन मंदी की खबर और हर दिन भाजपा सरकार की इस पर खामोशी, दोनों बहुत खतरनाक हैं. इस सरकार के पास न तो हल है न देशवासियों को भरोसा दिलाने का बल है, सिर्फ बहानेबाजी, बयानबाजी और अफवाहें फैलाने से काम नहीं चलेगा.

