बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के कारण कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना
रांची:- झारखंड से मॉनसून की वापसी की प्रक्रिया शुरू हो गयी है.अगले तीन से चार दिनों में राज्य से मॉनसून के वापसी की प्रक्रिया पूरी हो जाने की संभावना है.
रांची स्थित भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. एस.डी. कोटाल ने गुरुवार को बताया कि 21 अक्टूबर से ही राज्य से मॉनसून की वापसी शुरू हो गयी है और अगले तीन-चार दिनों में यह प्रक्रिया पूरी हो जाने की संभावना है। उन्होंने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कारण राज्य के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और गोड्डा, तथा साहेबगंज के कुछ हिस्सों में बारिश होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में राज्य के विभिन्न हिस्सों में अधिकतम तापमान 31 से 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस रहा। उन्होंने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के कल ओड़िशा और पश्चिम बंगाल के तट के पार कर जाने की संभावना है, इससे राज्य के उत्तर पूर्व और दक्षिण पूर्व के कुछ जिलों में बारिश हो सकती है। उन्होंने बताया कि मॉनसून की वापसी के बाद राज्य के विभिन्न जिलों का अधिकतम और न्यूनतम तापमान फिलहाल सामान्य रहने की उम्मीद है.

