हजारीबाग: हजारीबाग जिले में अवैध शराब के कारोबारियों तथा इसमें लिप्त लोगो के खिलाफ जिला प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है. जिले में संचालित अवैध शराब के ठिकानों पर उत्पाद विभाग द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में छापामारी कर अवैध धंधों में लिप्त लोगों की धरपकड़ की जा रही है. साथ ही अवैध ठिकानों को ध्वस्त कर जब्त सामग्रियों को नष्ट कर दिया जा रहा है. उपायुक्त डॉ भुवनेश प्रताप सिंह के निदेश पर उत्पाद विभाग ने गुरुवार को सदर थानांतर्गत ओकनी और नूरा तथा कटकमसांडी के पारटांड़ एवं मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के लाइन होटल एवं चरही थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाको के होटलों जैसे मिलन, निरमल, वृन्दावन, भद्रकाली,मोहन, बालाजी, बीरु होटल, बेवकूफ होटल और अनेक बेनाम ढाबों में अवैध शराब के ठिकानों पर छापामारी की गई. मौके से 20 लीटर देशी शराब, विदेशी शराब 5.1 लीटर, 9.2 लीटर बियर सहित अन्य सामग्री जब्त की गई.

