रांची: बोकारो के बियाडा के उद्यमियों के उत्पाद घरेलु बाजार के अलावा एशिया और यूरोप के कई देशों में निर्यात किए जा रहे है. इससे उनका मनोबल बढ़ा है. उत्पादों की अच्छी कीमत भी मिल रही है. सरकार की योजना भी कारोबारियों को संबल प्रदान कर रही है.
उद्यमी शशांक अग्रवाल ने कहा कि सरकार ने जिस तरीके से उनका ख्याल रखा, उसी तरह उन्होंने अपने कर्मचारियों पर ध्यान दिया. यही कारण है कि उत्पादन में किसी तरह की कोई बाधा उत्पन्न नहीं हुई. यहां काम कर रहे कर्मचारी भी पूरी लगन के साथ जुटे रहे. कोरोना के मुश्किल वक्त में भी उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई.
कर्मचारी दिनेश कुमार साहू और मो नसरूद्दीन ने बताया कि कोरोना संकट काल में फैक्ट्री प्रबंधक ने उनकी जरूरतों का ख्याल रखा. काम के दौरान कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए प्रबंधन द्वारा सारी व्यवस्था की गई है.
बियाडा के सचिव संदीप कुमार ने कहा कि केन्द्र सरकार की पहल पर यहां के उद्यमियों को आवश्यकतानुसार 8 से 10 दिनों में बैंकों द्वारा लोन दिया जा रहा है. इसके अलावा उनकी समस्याओं का समाधान भी निर्धारित समय में किया जा रहा है.
कोरोना संकट काल में उद्यमियों को हर तरह की सहुलियत दी गई, ताकि वह फिर से उत्पादन शुरू कर सके. इसी का नतीजा है कि उद्यमियों की परेशानियां काफी हद तक कम हुई हैं.

