रांचीः मुख्यमंत्री रघुवर दास एवं नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने रांची के पुराने जेल परिसर स्थित भगवान बिरसा मुंडा संग्रहालय एवं करम टोली तालाब का निरीक्षण किया. मुख्यमंत्री ने बिरसा मुंडा संग्रहालय के कार्य प्रगति को देखकर कई आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए. मुख्यमंत्री ने विकास आयुक्त सुखदेव सिंह एवं नगर विकास सचिव अजय कुमार सिंह से कहा कि बिरसा मुंडा संग्रहालय के निर्माण की प्रगति अच्छी है. लगभग 90% कार्य पूरा हो चुका है. बचे हुए सभी काम निश्चित समय सीमा के अंतर्गत पूरा हो यह सुनिश्चित करें. इस अवसर पर बिरसा मुंडा संग्रहालय परिसर में भगवान बिरसा मुंडा पर बनी लघु फिल्म भी मुख्यमंत्री रघुवर दास ने देखी.
बिरसा मुंडा संग्रहालय के औचक निरीक्षण के पश्चात मुख्यमंत्री एवं नगर विकास मंत्री ने करम टोली स्थित तालाब के परिसर के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया एवं कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.

