रांचीः राज्य के पारा शिक्षक एक बार फिर आंदोलन के मूड में हैं. 17 जनवरी से वादा पूरा करो प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है. इस संबंध में एकीकृत पारा शिक्षक संघर्ष मोर्चा के राज्य इकाई की 27 दिसंबर को प्रभात तारा मैदान में सम्पन्न बैठक में लिए गए निर्णयानुसार रविवार को राज्य के सभी प्रखंड में बैठक आयोजित की गई.
पारा शिक्षकों ने एक स्वर से कहा कि चुनाव में सीएम द्वारा किए गए वायदे को एक वर्ष पूरा होने पर भी वादा पूरा नहीं हो पाया है. प्रखंडों में आयोजित बैठक में पारा शिक्षकों ने 17 जनवरी को सत्तापक्ष के सभी विधायक आवास, 24 जनवरी को सभी मंत्री आवास एवं 10 फरवरी को मुख्यमंत्री आवास के समक्ष “वादा पूरा करो प्रदर्शन” में शत प्रतिशत उपस्थिति का संकल्प लिया.
बैठक में बिनोद बिहारी महतो, संजय कुमार दुबे, हृषिकेश पाठक, प्रद्युम्न कुमार सिंह (सिंटू), मोहन मंडल, प्रमोद कुमार, नरोत्तम सिंह मुंडा, दशरथ ठाकुर सहित अन्य मौजूद थे.

