धनबाद:- उपायुक्त उमा शंकर सिंह की अध्यक्षता में आज धनबाद नगर निगम क्षेत्र में फुटपाथ विक्रेताओं से संबंधित पीएम स्वनिधि योजना के तहत लाभुकों के लिए स्वनिधि से समृद्धि तक कार्यक्रम के संबंध में जिला स्तरीय निरीक्षण समिति की बैठक संपन्न हुई.
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि वैश्विक माहमारी कोविड-19 के कारण घोषित लॉकडाउन के कारण फुटपाथ विक्रेताओं के आजीविका पर बुरा प्रभाव पड़ा है. उनके लिए केंद्र सरकार द्वारा पीएम स्वनिधि योजना को प्रारंभ किया गया है. इसके तहत फुटपाथ विक्रेताओं को 10000 का लोन बैंकों से दिया जाना है.
योजना की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने पाया कि योजना के लिए 4670 आवेदन प्राप्त हुए हैं. जिसमें से 2437 आवेदकों को योजना के तहत लोन का भुगतान कर दिया गया है. उपायुक्त ने अग्रणी जिला प्रबंधक को शेष बचे लाभुकों को ससमय लोन उपलब्ध कराने तथा लोन नहीं देने वाले बैंकों की विस्तृत रिपोर्ट 8 फरवरी को देने का निर्देश दिया.
बैठक में स्वनिधि से समृद्धि कैंप लगाने का निर्णय लिया गया. जिसमें लाभुकों को प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, एक राष्ट्र एक कार्ड योजना, जननी सुरक्षा योजना, पीएम जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जन धन योजना एवं रुपे कार्ड सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ देने का निर्देश दिया.
बैठक में पीएम स्वनधि योजना के तहत लोन प्राप्त लाभुकों का सोशल इकोनामिक प्रोफाइलिंग करने, मैं भी डिजिटल के तहत डिजिटल लेनदेन की स्थिति में अधिकतम 100 प्रति माह फुटपाथ विक्रेताओं को कैशबैक देने सहित अन्य बिंदुओं पर विचार किया गया.
बैठक में उपायुक्त उमा शंकर सिंह, नगर आयुक्त सत्येंद्र कुमार, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी संदीप कुमार दोराईबुरू, अग्रणी जिला प्रबंधक नकुल कुमार साहू, डीएमसी के कार्यपालक पदाधिकारी मोहम्मद अनीश, श्रम अधीक्षक श्री प्रवीण कुमार व अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.

