रांची: राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू 31 दिसंबर झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ विधायक प्रो स्टीफन मरांडी को आज प्रोटेम स्पीकर के रूप में शपथ दिलाएंगी. राजभवन में आयोजित एक कार्यक्रम में राज्यपाल आज शाम पांच बजे प्रोटम स्पीकर को शपथ दिलाएंगी.
हेमंत सोरेन सरकार की कैबिनेट ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के वरिष्ठ विधायक प्रो स्टीफन मरांडी को प्रोटेम स्पीकर बनाने की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू से अनुशंसा की है. स्टीफन मरांडी प्रोटेम स्पीकर के रूप में विधानसभा के निर्वाचित सदस्यों को विधानसभा में शपथ दिलायेंगे.
राज्य मंत्रिपरिषद ने पांचवीं झारखंड विधानसभा का पहला सत्र छह जनवरी से आठ जनवरी तक आहूत करने की स्वीकृति दी है. छह जनवरी को निर्वाचित विधायकों को शपथ दिलायी जायेगी. सात जनवरी को विधानसभा अध्यक्ष का निर्वाचन होगा और उसी दिन राज्यपाल का अभिभाषण और चालू वित्तीय वर्ष का द्वितीय अनुपूरक बजट पेश होगा. आठ जनवरी को राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा एवं मतदान के साथ ही द्वितीय अनुपूरक बजट को भी पारित कराया जाएगा.

