रांची: पंचम झारखंड विधानसभा के प्रथम सत्र को सुचारू रूप से चलाने के लिए प्रोटेम स्पीकर ने चार जनवरी को विभागीय अधिकारियों की उच्च स्तरीय बैठक बुलाई है. इस उच्च स्तरीय बैठक में झारखंड सरकार के मुख्य सचिव के अलावा मंत्रिमंडल सचिवालय, स्वास्थ्य विभाग, ऊर्जा विभाग, गृह विभाग, श्रम नियोजन विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, भवन निर्माण विभाग, विधि विभाग, पथ निर्माण विभाग के सचिव या प्रधान सचिव को आमंत्रित किया गया है.
इसके अलावा बीएसएनएल के जीएम ,रांची नगर निगम के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, रांची के उपायुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक ट्रॉफिक एसपी, झारखंड राज्य विद्युत बोर्ड के सचिव, रांची के सिविल सर्जन को भी आमंत्रित किया गया है. गौरतलब है इस तीन दिवसीय सत्र में नवनिर्वाचित विधायकों का शपथ ग्रहण होगा और सात जनवरी विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा. इसके बाद राज्यपाल का अभिभाषण होगा और चालू वित्तीय वर्ष के द्वितीय अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा.
आठ जनवरी को राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव, वाद-विवाद, सरकार का उत्तर तथा मतदान होगा. इसके साथ ही द्वितीय अनुपूरक बजट पर सामान्य वाद-विवाद, मतदान, तत्संबंधी विनियोग विधेयक का उपस्थापन होगा.

