नई दिल्ली: देश में पिछले कुछ महीनों से अलग-अलग हिस्सों में केंद्र सरकार के कृषि कानून के खिलाफ विरोध प्रदर्शन चल रहे हैं. ऐसे में कानून के खिलाफ हो रहे प्रदर्शनों के बाद अपने नुकसान का आंकलन करते हुए रेलवे ने कहा है कि उसे अब तक 1200 करोड़ का घाटा हुआ है. बता दें हाल में केंद्र सरकार ने तीन कृषि कानूनों को पास किया था.
इस घाटे की पूरी जानकारी खुद रेलवे ने दी है, हालांकि रेलवे ने यह नहीं बताया है कि यह नुकसान कैसे हुआ है. क्या यह नुकसान उस रुट पर ट्रेनों के न चलने से हुआ है या फिर यह नुकसान रेलवे की सपत्तियों को नुकसान पहुंचाकर हुआ है. यह फिर यह नुकसान सभी तरह के नुकसान को मिलाकर हुआ है.
इसके अलावा नए कृषि कानून के खिलाफ आमने-सामने आई पंजाब और केंद्र सरकार एक बार फिर बिजली को लेकर एक दूसरे पर हमलावर है. पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह जंतर-मंतर पर धरना देने के लिए दिल्ली पहुंचे हुए हैं और उनका प्रदर्शन शुरू हो चुका है.
धरने के बीच सीएम अमरिंदर सिंह ने मीडिया से कहा कि हम स्टॉक से खरीद रहे हैं. मार्च से कोई जीएसटी (GST) का पैसा नहीं मिला है. 10,000 करोड़ रुपये सरकार के पास बकाया है. हमारे साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है.

