दिल्ली: देश की रक्षा के लिए सरहदों पर तैनात हमारे सेना के जवानों को सम्मानित करने के लिए हर साल सात दिसंबर को सशस्त्र सेना झंडा दिवस मनाया जाता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भारतीय सशस्त्र झंडा दिवस के अवसर पर भारतीय सेनाओं के जवानों की वीरता को सलाम किया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सशस्त्र सेना झंडा दिवस हमारे सशस्त्र बलों और उनके परिवारों के प्रति आभार व्यक्त करने का दिन है. भारत को उनकी वीरता और निस्वार्थ सेवा बलिदान पर गर्व है. पीएम ने कहा कि हमारी सेनाओं के कल्याण में सभी योगदान दें. यह कार्य हमारे कई बहादुर कर्मियों और उनके परिवारों की मदद करेगा।’
वहीं इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर मैं भारतीय सशस्त्र बलों की वीरता और सेवा को सलाम करता हूं. रक्षा मंत्री राजनाथ ने ट्वीट कर कहा, यह दिन हमें पूर्व सैनिकों, युद्ध में घायल हुए सैनिकों और उन लोगों के परिवारों का कल्याण सुनिश्चित करने के लिए हमारे महान कर्तव्य की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की रक्षा करते हुए अपनी जान गंवा दी.’
हर साल 7 दिसंबर को भारतीय सशस्त्र सेना झंडा दिवस मनाया जाता है. इसकी शुरूआत 1949 में हुई थी.28 अगस्त, 1949 को भारत के तत्कालीन रक्षा मंत्री के अधीन एक कमिटी का गठन किया गया था. कमिटी ने फैसला किया कि झंडा दिवस प्रतिवर्ष 7 दिसंबर को मनाया जाएगा.

