रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह राज्य के वित्त तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव के नेतृत्व में देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की जयंती की पूर्व संध्या पर राजधानी रांची में एक संगोष्ठी का आयोजन किया जाना था, लेकिन इस बीच उनकी कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आ गयी. इसके बावजूद उनके निर्देशानुसार नेहरू जयंती की पूर्व संध्या पर राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न जिलों में संगोष्ठी आयोजित कर प्रथम प्रथममंत्री के कार्यों और उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें नमन किया गया.
इधर, कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद रांची के मेडिका अस्पताल में भर्ती प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव ने पार्टी कार्यकर्त्ताओं से पं. नेहरू की जयंती पर उनके कार्यों को याद करने और दिखाये रास्ते पर चलने की अपील की है. डॉ. उरांव ने कहा कि कहा कि आजादी की लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभाने के साथ भारत के नवनिर्माण लोकतंत्र को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को आधुनिक भारत का निर्माता कहना कोई अतिशयोक्ति नहीं है.
उन्होंने कहा कि दूसरे विश्व युद्ध के बाद खस्ताहाल वैश्विक परिस्थिति और भारत का निर्माण करना कोई आसान काम नहीं था. ऐसी परिस्थिति में देश की आजादी के बाद पंचवर्षीय योजना उनकी दूरदृष्टि का ही परिणाम था जिसके नतीजे सालों बाद मिल रहे . स्वस्थ लोकतंत्र की नींव रखने और इससे मजबूत बनाने में पंडित नेहरू का महत्वपूर्ण योगदान था . रांची में भारी अभियंत्रण निगम कर देश में औद्योगिक विकास की बुनियाद रखी . वहीं बोकारो, भिलाई, राउरकेला जैसे देश के सबसे बड़े स्टील प्लांट स्थापित किये, इतना ही नहीं आईआईएम और आईआईटी जैसे कई बड़े शैक्षणिक संस्थान भी स्थापित किये, उन्होंने आईआईटी , आई आई एम और विश्वविद्यालयों की स्थापना की साथी उद्योग धंधों की भी शुरुआत की.
वह इन उद्योगों को देश के आधुनिक मंदिर मानते थे . पंडित जवाहरलाल नेहरू एक अच्छे लेखक भी थे . उन्होंने अंग्रेजी में कई पुस्तकें भी लिखी हैं जिनमें डिस्कवरी ऑफ इंडिया और ग्लिइंपसेस ऑफ़ वर्ल्ड हिस्ट्री प्रमुख है. जवाहरलाल नेहरू की शख्सियत में जादू था यह जादू देश-विदेश में लोगों के सिर चढ़कर बोलता था आज भारत देश विकास के रास्ते पर चल रहा है उसकी नींव़ 60 साल पहले पं. नेहरू ने ही रखी थी .
डॉ. उरांव ने कहा कि देश के पहले प्रधानमंत्री होने के साथ ही पंडित नेहरू आधुनिक भारत के निर्माता भी कहे जाते हैं. देश की आजादी से लेकर आजाद भारत को समृद्ध बनाने तक में पंडित नेहरू का अहम योगदान रहा है. आजादी से पहले पंडित नेहरू ने स्वतंत्रता संग्राम में अहम भूमिका निभाई थी. आजादी की लड़ाई के चलते उन्हें 9 बार जेल जाना पड़ा था. वहीं, भारत के आजाद होने के बाद पंडित नेहरू ने शिक्षा, सामाजिक सुधार, आर्थिक क्षेत्र, राष्ट्रीय सुरक्षा और औद्योगीकरण सहित कई क्षेत्रों में किया.
पंडित जवाहरलाल नेहरू अपने विचारों और अपने उल्लेखनीय कार्यों की वजह से ही महान बने. आजादी के बाद नेहरू ने देश की तस्वीर बदलने के लिए कई कड़े फैसले लिए. उस दौरान उनके फैसलों की निंदा की गई और मजाक भी बनाया गया लेकिन उनके उन फैसलों ने ही देश को आर्थिक मोर्चे पर मजबूत बनाया. पंडित जवाहरलाल नेहरू ने देश को आधुनिक बनाने के लिए जो काम किए उन्हें भुलाया नहीं जा सकता है और यही कारण है कि उन्हें ’आधुनिक भारत का निर्माता’ कहा जाता है. उन्होंने शिक्षा से लेकर उद्योग जगत को बेहतर बनाने के लिए कई काम किए. उन्होंने कहा कि प.नेहरू ने भाखड़ा नांगल बांध और रिहंद बांध बनाकर देश में कृषि के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता प्राप्त करने की बुनियाद रखी और बाद में उनके दिखाये रास्ते पर चल ही ही देश खाद्य आपूर्ति के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सका.
नेहरू चाहते थे कि भारत किसी भी देश के दबाव में न आए और विश्व में उसकी स्वतंत्र पहचान हो. जवाहरलाल नेहरु की विदेश नीति का महत्वपूर्ण हिस्सा था, उनका पंचशील का सिद्धांत जिसमें राष्ट्रीय संप्रभुता बनाए रखना और दूसरे राष्ट्र के मामलों में दखल न देने जैसे पांच महत्वपूर्ण शांति-सिद्धांत शामिल थे. पं. नेहरू ने गुटनिरपेक्षता को बढ़ावा दिया. गुटनिरपेक्षता का मतलब यह है कि भारत किसी भी गुट की नीतियों का समर्थन नहीं करेगा और अपनी स्वतंत्र विदेश नीति बरकरार रखेगा.
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव पं. नेहरू की जयंती के मौके पर रांची के बिहार क्लब में आयोजित होने वाले संगोष्ठी में शामिल होने वाले थे, लेकिन इस बीच उनके कोरोना पॉजिटिव हो जाने के कारण वे अस्पताल में भर्ती हो गये, इसके बावजूद प्रदेश अध्यक्ष के निर्देशानुसार रांची समेत सभी जिलों में प्रथम प्रधानमंत्री की जयंती की पूर्व संध्या पर संगोष्ठी का आयोजन कर उन्हें याद किया गया.
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार सभी प्रदेशों में कल नेहरु जी की जयंती के अवसर पर सोशल मीडिया पर आत्मनिर्भर भारत को लेकर कैंपेनलेन चलाया जाएगा जिसमें झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के तमाम वरिष्ठ नेता,विधायक, मंत्री अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से वीडियो अपलोड करेंगे.
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डॉ राजेश गुप्ता छोटू ने बताया कि पंडित जवाहरलाल की 131 वी जयंती के अवसर पर कल 14 नवम्बर को दीपावली के त्यौहार को देखते हुए बड़े कार्यक्रम नहीं करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डा रामेश्वर उरांव के निर्देशानुसार व्यापक कैंपेन के द्वारा पंडित नेहरू के कार्यों और उपलब्धियों से वर्तमान पीढ़ी को अवगत कराया जाएगा.

