रांचीः नागरिकता संशोधन कानून (सीएए), एनपीआर और एनआरसी का देशव्यापी विरोध थम नहीं रह है. शनिवार को राजधानी रांची के बरियातू पहाड़ मैदान में सीएए-एनआरसी के विरोध में आयोजित कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया.
संविधान बचाओ मंच के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम संविधान बचाओ, देश बचाओ के तहत वक्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों पर प्रहार करते हुए इसे देश को तोड़ने की कार्रवाई बताया.
वक्ताओं ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार नहीं चाह रही है कि देश में विभिन्न समुदायों के लोग आपसी प्यार और भाईचारे से रहें.
इस अवसर पर बरियातू मैदान में आयोजित सभा की अध्यक्षता मौलाना अबुबकर कासमी ने की, जबकि संचालन डॉ. ओबेदुल्लाह कासमी कर रहे थे.
सभा को संबोधित करने वालो में आदिवासी जन परिषद के अध्यक्ष प्रेम शाही मुंडा, राष्ट्रीय सरना युवा संघ के अध्यक्ष् सूरज खलखो, प्रो मिथिलेश कुमार, आमया के अध्यक्ष एस. अली, आदिवासी छात्र संघ के संजय महली, राजद प्रदेश अध्यक्ष अभय सिंह, बहुजन क्रांति मोर्चा के ओपी यादव, सुशांतो मुखर्जी, मुफ्ती अनवर कासमी आदि प्रमुख रूप से शामिल थे.

