रांची: राजधानी रांची के बाजार में लगातार हो रही बारिश का मार देखने को मिल रहा है अभी त्यौहार का मौसम है. ऐसे में राजधानी के बाजार में खरीदारों की भीड़ नहीं देखी जा रही है, इसका कारण खराब मौसम का होना और लगातार बारिश का होना है. लोग त्योहार के समय में भी बारिश के कारण खरीदारी करने के लिए घर से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं, जिस कारण राजधानी के दुकानदार काफी मायूस नजर आ रहे हैं. दुकान का यह हाल है कि वहां खरीदारों की भीड़ तो दूर, पूरे दुकान में सन्नाटा पसरा हुआ है. इक्के दुक्के लोग खरीदारी करने के लिए बाजार में देखे जा रहे हैं.
दुकानदारों का कहना है कि मौसम का असर हमारे व्यापार में लगातार देखने को मिल रहा है. पिछले साल जहां इस समय दुकान और बाजारों में तिल रखने की जगह तक नहीं होती थी, वहीं अभी पूरा का पूरा बाजार और दुकान पूरे समय खाली ही नजर आ रहा है. ऐसे में हम दुकानदार खरीदारों का दिनभर इंतजार करते दिख रहे हैं. अभी दुर्गा पूजा के समय में हमारा व्यापार कुछ हद तक सही होता था, जिस कारण हम सभी दुकानदार लोग पूंजी लगाकर कुछ कमाई कर पाते थे पर अभी हालत यह है कि पूंजी तक नहीं निकल पा रहे है. वहीं कुछ दुकानदारों का कहना है कि बारिश के साथ-साथ आर्थिक मंदी का प्रभाव भी बाजार में देखने को मिल रहा है.

