जमशेदपुर: पूरे देश में पल्स पोलियो अभियान की शुरूआत हुई है. कोल्हान के दोनों जिलों जमशेदपुर और सरायकेला में भी दोनों जिलों के उपायुक्त और सिविल सर्जन ने जीरो से पांच साल के बच्चों को पोलियो खुराक पिलाकर इस अभियान की शुरूआत की.
वहीं दोनों जिलों के स्वास्थ्य मिशन से जुड़े कर्मी रविवार से अगले तीन दिनों तक इस अभियान को सफल बनाने का काम करेंगे. जमशेदपुर में जहां 2 लाख 30 हजार 598 बच्चों को पोलियों की खुराख पिलाई जाएगी. वहीं सरायकेला में 1 लाख 74 हजार 989 बच्चों को इसकी खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
जमशेदपुर में इस अभियान को सफल बनाने के लिए 2 हजार 297 केंद्र बनाए गए हैं, जबकि सरायकेला- खरसावां जिले में भी 2 हजार से ज्यादा केंद्र बनाए गए हैं. दोनों जिलों के उपायुक्त ने आम लोगों से इस अभियान को सफल बनाने की अपील की.

