नई दिल्ली:- रिटेल मार्केट की दिग्गज डी-मार्ट के फाउंडर राधाकिशन दमानी (Radhakrishnan Damani) ने 1 हजार करोड़ रुपये का बंगला खरीदा है. भारत के चर्चित अमीरों में शुमार दमानी का ये बंगला दक्षिण मुंबई के आलीशान इलाके मालाबार हिल्स में है.
इकोनॉमिक्स टाइम्स की खबर के मुताबिक राधाकिशन दमानी ने अपने छोटे भाई गोपीकिशन दमानी के साथ मिलकर यह प्रॉपर्टी खरीदी है. ये 1.5 एकड़ से अधिक एरिया में फैला है और इसका कुल एरिया करीब 60,000 वर्ग फीट है. यह डील इसी हफ्ते हुई और दमानी के फैमिली ऑफिस ने स्टांप ड्यूटी के तौर पर 30 करोड़ रुपये का भुगतान किया.
कॉलेज ड्रॉप आउट राधाकिशन दमानी ने शेयर ब्रोकर के तौर पर अपने करियर की शुरुआत की थी.
इसके बाद उन्होंने शेयर मार्केट में सूझबूझ से पैसे लगाए. आज डी-मार्ट के स्वामित्व वाली एवेन्यू सुपरमार्केट में दमानी परिवार के 82 फीसदी शेयर हैं. Forbes के मुताबिक दमानी 2020 में देश के चौथे सबसे अमीर शख्स बन गए.
दमानी की संपत्ति 15.4 बिलियन डॉलर के करीब है. वहीं, मुकेश अंबानी दुनिया के 11वें सबसे अमीर शख्स हैं और उनकी संपत्ति 77.9 बिलियन डॉलर है. डी-मार्ट के एवेन्यू सुपरमार्केट की बात करें तो ये कंपनी 1 लाख 89 हजार करोड़ की है. इस कंपनी का शेयर भाव 2911.40 रुपये के स्तर पर है. बीते महीने यानी मार्च में ही कंपनी का शेयर भाव 3,328 रुपये के उच्चतम स्तर को छु लिया था.

