नई दिल्ली: पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को हुई कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में भारत-चीन विवाद को लेकर एक बार फिर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए. गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने चीन के इस रुख को स्वीकार कर हमारी स्थिति को नुकसान पहुंचाया है.
कांग्रेस सांसद ने कहा कि लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर चीन ने जो भी कदम उठाए उसका कारण केंद्र सरकार की विदेश नीति की असफलता है. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्थापित कूटनीति की आधारभूत संरचना को ध्वस्त कर दिया है.
भारत-चीन विवाद मामले में राहुल गांधी पहले भी केंद्र सरकार पर सवाल उठाते आए हैं. हाल ही में उन्होंने कहा था कि चीन ने हमारे सैनिकों को मारा, हमारी जमीन पर कब्जा किया. फिर भी इस विवाद के दौरान चीन प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ क्यों कर रहा है?

