नई दिल्ली: चीन के साथ सीमा विवाद को लेकर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी लगातार मोदी सरकार पर हमलावर हैं. राहुल गांधी ने सोमवार को वीडियो ब्लॉग के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा. वहीं भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने भी राहुल पर पलटवार किया है.
बीजेपी नेता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि भारतीय राजनीति का अपना अर्ध शतक पूरा कर चुके राहुल गांधी ने एक ट्वीट जारी किया, जिसके सन्दर्भ में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने उन्हें याद दिलाया. पीएम के संदर्भ में राहुल गांधी ने जो कुछ बोला है, वह आधारहीन, तर्कहीन और बुद्धिहीन है.
बीजेपी नेता ने कहा कि राहुल गांधी ने जो बताया है ग्वादर बंदरगाह और वन रोड वन बेल्ट लद्दाख से जोड़कर बताया. राहुल गांधी को समझने में इतना समय लग गया. राहुल गांधी अभी तक भारत को नहीं समझ पाए. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि कांग्रेस की तीन पीढ़ियों को अभी तक समझ नहीं आया है कि विदेश नीति क्या है.

