नई दिल्ली:- कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ और प्रदर्शनकारी किसानों के समर्थन में आवाज उठाने के लिए अगले सप्ताह 12 और 13 फरवरी को राजस्थान का दौरा करेंगे. पार्टी महासचिव और राजस्थान प्रभारी अजय माकन ने यह जानकारी दी.
उन्होंने ट्वीट किया, ”किसानों के हितों की लड़ाई लड़ने, किसानों की आवाज़ बुलंद कर, केंद्र सरकार द्वारा तीनों काले क़ानूनों को वापस लेने हेतु संघर्ष के लिए राहुल गांधी 12 एवं 13 फ़रवरी को राजस्थान के दौरे पर होंगे.” राहुल गांधी कृषि कानूनों के खिलाफ कुछ महीने पहले पंजाब और हरियाणा भी गए थे जहां उन्होंने ट्रैक्टर रैली निकाली थी और कई सभाएं भी संबोधित की थीं.
इससे पहले दिन में, राहुल गांधी ने देश भर में किसानों के तीन घंटे ‘चक्का जाम’ और कृषि कानूनों के खिलाफ समर्थन दिया. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने किसान संगठनों की ओर से आहूत ‘चक्का जाम’ का समर्थन करते हुए शनिवार को कहा कि अन्नदाताओं का सत्याग्रह देश हित में है और तीनों कृषि कानून राष्ट्र के लिए घातक हैं.
उन्होंने ट्वीट किया, ” अन्नदाता का शांतिपूर्ण सत्याग्रह देशहित में है – ये तीन क़ानून सिर्फ़ किसान-मज़दूर के लिए ही नहीं, जनता व देश के लिए भी घातक हैं. पूर्ण समर्थन!” उल्लेखनीय है कि किसान संगठनों ने शनिवार को ‘चक्का जाम’ का आह्वान किया है. किसान नेताओं ने सोमवार को कहा था कि वे छह फरवरी की दोपहर 12 बजे से अपराह्र तीन बजे तक सड़कों को अवरुद्ध करेंगे.

