नई दिल्ली: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने अपने उस ट्वीट को हटा लिया है जिसमें उन्हें राहुल गांधी की कथित नाराजगी पर तीखी प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने उन्हें खुद सूचित किया कि उनके हवाले से जो कहा गया है वो सही नहीं हैं और ऐसे में वह अपना पहले का ट्वीट वापस लेते हैं.
सिब्बल ने ट्वीट किया, ”राहुल गांधी ने व्यक्तिगत तौर पर मुझे सूचित किया कि उन्होंने वो कभी नहीं कहा था जो उनके हवाले से बताया गया है. ऐसे में मैं अपना पहले का ट्वीट वापस लेता हूं.”
इससे पहले सिब्बल ने कांग्रेस कार्य समिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक में राहुल गांधी की एक कथित टिप्पणी को लेकर उनपर कटाक्ष करते हुए कहा था कि उन्होंने पिछले 30 वर्षों में बीजेपी के पक्ष में कोई बयान नहीं दिया, इसके बावजूद ‘हम बीजेपी के साथ साठगांठ कर रहे हैं.’
उन्होंने बतौर वकील कांग्रेस को सेवा देने का उल्लेख करते हुए ट्वीट किया, ” राहुल गांधी का कहना है कि ‘हम बीजेपी के साथ साठगांठ कर रहे हैं’. राजस्थान उच्च न्यायालय में कांग्रेस पार्टी का पक्ष रखते हुए सफल हुआ. मणिपुर में बीजेपी को सत्ता से बेदखल करने करने के लिए पार्टी का पक्ष रखा.”

