नई दिल्ली: कांग्रेस पार्टी में इन दिनों सब कुछ सही नहीं चल रहा है. हाल ही में 23 बड़े नेताओं ने नेतृत्व के बदलाव को लेकर चिट्ठी लिखी थी, जिसके बाद पार्टी की अंदरूनी कलह सबके सामने आ गई. कई नेता अभी भी पार्टी अध्यक्ष पद पर चुनाव करवाने पर अड़े हैं, तो वहीं एक बड़ा खेमा चाहता है कि कमान गांधी परिवार के हाथ में ही रहे.
चिट्ठी लिखने वाले एक कांग्रेस नेता के मुताबिक पार्टी ने लोकसभा चुनावों में दो बड़ी हार देखी है. ऐसे में मुश्किल है कि राहुल गांधी 2024 के चुनाव का नेतृत्व करें.
रिपोर्ट के मुताबिक चिट्ठी लिखने वाले एक नेता ने नाम सार्वजनिक ना करने की शर्त पर कहा कि उन्हें ये नहीं लगता की राहुल गांधी 2024 में कांग्रेस का नेतृत्व कर पाएंगे और 400 सीट दिलवाने में मदद करेंगे. हमें इस बात का एहसास होना चाहिए कि 2014 और 2019 में पार्टी को बुरी हार का सामना करना पड़ा था और मनमुताबिक सीटें नहीं मिली थीं.
नागपुर से शिमला यानी देश के उत्तरी हिस्से में पार्टी की सिर्फ 16 सीटें हैं, जिनमें से आठ पंजाब से हैं. हमें महसूस करना चाहिए कि हम भारत में हैं और एक अलग वास्तविकता है. उन्होंने कहा कि अगर कोई बैठक होती है, तो मैं करूंगा.
उन्होंने ये भी साफ किया कि ये लड़ाई व्यक्तिगत नहीं है ये मुद्दों के संबंधित है. वो पार्टी के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं. उन्होंने कहा कि जिन नेताओं ने चिट्ठी लिखी थी वो लंबे वक्त से राजनीति में हैं. जो मुद्दे उठे हैं वो पार्टी को मजबूत करेंगे.
साथ ही बीजेपी से मुकाबला करने में भी मदद करेंगे. सभी सोनिया गांधी का काफी सम्मान करते हैं. उन्हें उम्मीद है कि सोनिया गांधी इस मुद्दे पर विचार करेंगी. चिट्ठी लिखने वाले नेताओं के मुताबिक वो इस मुद्दे पर बैठक करते रहेंगे. साथ ही जरूरत पड़ने पर आगे भी इस तरह के मुद्दे उठाते रहेंगे.

