नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और उनके परिवार पर हमला बोला है उन्होंने उनके परिवार पर प्रधानमंत्री राहत कोष से पैसों को परिवार के ट्रस्ट में डाइवर्ट करने और चीनियों से पैसे लेकर राष्ट्रीय हितों को चोट पहुंचाने का आरोप लगाया है.
दरअसल जेपी नड्डा का यह बयान राहुल गांधी के उस ट्वीट के बाद आया जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय पर निशाना साधते हुए लिखा था कि प्रधानमंत्री कार्यालय ने पीएम केयर से संबंधित आरटीआई का जवाब देने से मना कर दिया. वहीं अखबार की खबर शेयर करते हुए गांधी ने लिखा कि पीएम केयर्स फॉर राइट टू इम्प्रोबिटी.
जेपी नड्डा का राहुल गांधी परिवार पर आरोप
पार्टी अध्यक्ष नड्डा ने ट्वीट कर लिखा, आपके परिवार के संदिग्ध विरासत में पीएमएनआरएफ में एक स्थाई स्थान और फिर राहत कोष से अपने परिवार के ट्रस्टों में पैसे डाइवर्ट करना शामिल है, उन्होंने लिखा कि आपने और आपकी मां ने हमारे राष्ट्रीय हित को चोट पहुंचाने के लिए चीनियों से पैसे भी लिए, क्या कोई इस से भी नीचे गिर सकता है.
पूरे देश को पीएम और उनकी पहल पर है भरोसा
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए बीजेपी अध्यक्ष ने कहा कि पूरे देश को पीएम और उनकी पहल पर पूरा भरोसा है. लोगों का विश्वास पीएम केयर्स के लिए बड़े पैमाने पर समर्थन के साथ दिखाई दे रहा है. उन्होंने लिखा कि एक हारे हुए इंसान के नाते आप सिर्फ फेक न्यूज ही फैला सकते हैं वही पूरा देश कोरोना के खिलाफ लड़ाई में एक साथ है.
राहुल गांधी पर जेपी नड्डा का तंज
बीजेपी अध्यक्ष ने लिखा कि ऐसा ही होता है जब प्रिंस ऑफ इनकॉम्पीटेंस बिना पढ़े हुए आर्टिकल्स को शेयर करते हैं. ये आरटीआई एक दूसरे आरटीआई के बारे में जाने के लिए फाइल की गई थी, उन्होंने लिखा कि पारदर्शिता पर हमले के रूप में यह आपके द्वारा दुर्भावना से सामने आ गई, यह स्वाभाविक है कि आपका करियर केवल फर्जी खबरें फैलाने पर आधारित है

