रांचीः ठेकेदार पंचम सिंह और उनके भाई आरआरडीए के पूर्व अध्यक्ष परमा सिंह के नौ प्रतिष्ठानों पर मंगलवार सुबह आठ बजे से चल रही आयकर विभाग की छापेमारी गुरुवार दोपहर 2.30 बजे खत्म हो गई. इस दौरान आयकर विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने करीब 54 घंटे तक इन प्रतिष्ठानों पर दस्तावेजों को खंगाला. आयकर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अब तक पंचम सिंह की 100 करोड़ रुपए की आय जांच के दायरे में है.
हालांकि जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी. छापेमारी पूरी करने के बाद आयकर विभाग की टीम और पुलिस वाले दोपहर 2:45 बजे पंचम सिंह के आवास से निकले. इससे पहले कुछ कार्टन भी निकाले गए, जिनमें दस्तावेज भरे थे. इसे आयकर विभाग की टीम जांच के लिए अपने साथ ले गई थी. इससे पहले वहां से 15 लाख रुपए नकद मिले थे. सूत्रों के मुताबिक आयकर विभाग को उनकी कंस्ट्रक्शन कंपनी विजेता प्रोजेक्ट्स एंड इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड और कैंब्रियन स्कूल के आय-व्यय में अनियमितता की सूचना मिली थी. इसके बाद मंगलवार सुबह उनके यहां छापेमारी की गई थी. तब से आयकर विभाग के बिहार-झारखंड के 50 अधिकारी और कर्मचारी सभी प्रतिष्ठानों पर दस्तावेजों को खंगालने में जुटे हुए थे.मोरहाबादी स्थित पंचम सिंह और परमा सिंह के आवास, मोरहाबादी स्थित पंचम सिंह की कंस्ट्रक्शन कंपनी विजेता प्रोजेक्ट्स एंड इंफ्रास्ट्रक्चर्स लिमिटेड का दफ्तर, कांके रोड स्थित कैंब्रियन पब्लिक स्कूल, धुर्वा और काठीटांड़ स्थित दो स्कूल, ओरमांझी स्थित एक बीएड कॉलेज, टाटीसिलवे स्थित उनके चार्टर्ड अकाउंटेंट का ऑफिस समेत एक अन्य जगह.

