जगदम्बा प्रसाद शुक्ल,
प्रयागराज: प्रयागराज में घूरपुर थाने की करमा चौकी पुलिस ने शुक्रवार को हथिगन गांव में अवैध शराब के अड्डों पर छापेमारी करके कई शराब की भट्ठियों को तोड़ दिया. शुक्रवार दोपहर में पुलिस को सूचना मिली कि हथिगन गांव के उत्तर स्थित तालाब के पास व्यापक पैमाने पर शराब बनाई जा रही है. मामले की जानकारी एसओ भुवनेश कुमार चौबे को देने के बाद चौकी इंचार्ज अखिलेश कुमार सिंह अपने सिपाही पंकज सिंह, अमित यादव व अन्य के साथ मौके पर पहुंचे तो भगदड़ मच गई.
पुलिस ने दौड़ाकर विशाल भारतीया को गिरफ्तार कर लिया. मौके पर धधक रही भट्ठियों तथा शराब बनाने के उपकरण को तोड़ दिया गया. 6 कुंतल महुए का लहन व अर्धनिर्मित शराब को नष्ट कर दिया गया. पुलिस ने मौके पर 250 लीटर तैयार शराब को अपने कब्जे में ले लिया. पुलिस द्वारा की गई अचानक कार्रवाई से शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया. चौकी इंचार्ज ने बताया कि मौके से गिरफ्तार विशाल के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके उससे पूंछताछ के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है.

