रांचीः झारखंड के नक्सलियों तक हवाला के माध्यम से पैसे पहुंच रहे हैं. इसकी पुख्ता सूचना पुलिस को मिली है. इसके बाद झारखंड के विभिन्न जिलों में नक्सलियों तक हवाला के माध्यम से पैसा पहुंचाने वालों के खिलाफ जांच तेज कर दी गई है. इस सिलसिले में मंगलवार को धनबाद और रांची में छापेमारी की गई थी. इसके बाद पुलिस ने झारखंड की उपराजधानी दुमका के शिकारीपाड़ा में छापेमारी की. शिकारीपाड़ा नक्सल प्रभावित इलाका है. पुलिस ने चुड़का मुर्मू के घर में छापेमारी की. हालांकि वह छापेमारी के दाैरान पुलिस को नहीं मिला.
शिकारीपाड़ा के गोसाईपाड़ा के रहने वाले ग्रामीण चुड़का मुर्मू के घर बुधवार को पुलिस और एसएसबी की टीम संयुक्त टीम ने छापेमारी की. पुलिस को इनपुट मिला था कि चुड़का का हवाला कारोबार करने वालों से संबंध है. उस पर यह भी शक है कि वह नक्सलियों के लिए लेवी वसूलता है. पुलिस ने उसके घर में छापेमारी के दौरान कई कागजों की पड़ताल की. घर से आधार कार्ड, बैंक पासबुक, तिलका मुर्मू युवा क्लब का पैड व कुछ दस्तावेज जब्त किए हैं. चुड़का छापेमारी के दौरान घर में नहीं मिला. वह अमूमन गांव से बाहर ही रहता है. वह क्या करता है, इसकी भी ग्रामीण जानकारी नहीं दे सके. पुलिस ने जो दस्तावेज जब्त किए उनकी जांच के बाद ही स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी.
ग्रामीणों ने बताया कि खुद एसडीपीओ नूर मुस्तफा अंसारी, अभियान एएसपी आरसी मिश्रा, शिकारीपाड़ा थाना प्रभारी सुशील कुमार गांव में दबिश देने आए थे. इसलिए कई शंकाएं तो हो रही हैं. उसको पकडऩे के लिए गांव को घेर लिया गया था. घर में तलाशी के बाद पुलिस ने उसकी पत्नी से भी पूछताछ की. पुलिस सूत्रों ने बताया कि चुड़का के नक्सली कनेक्शन की भी पड़ताल हो रही है. पता लगाया जा रहा है कि कहीं वह लेवी वसूल कर पैसा हवाला के जरिए बाहर तो नहीं भेजता है. चुड़का के घर से बाबा तिलका मुर्मू युवा क्लब का पैड मिला है. उसके घर में यह कहां से आया. पैड का वह क्या करता है. जांच में ही सारी बातें स्पष्ट हो सकेंगी.
वरीय पदाधिकारी को इनपुट मिला था कि चुड़का की हवाला कारोबारियों से सांठगांठ है. वह तो घर पर नहीं मिला, मगर घर से आधार कार्ड व कुछ कागज जब्त किए हैं. जांच के बाद पता चलेगा कि चुड़का का नक्सली व हवाला कनेक्शन है या नहीं.

