दिल्ली: उत्तर भारत में पहाड़ों पर लगातार हो रही बर्फबारी के साथ ही मैदानी इलाकों ने कोहरा (Fog) होने लगा है. कोहरे का असर भारतीय रेलवे की ट्रेन ऑपरेशन पर पड़ा है. रेलवे ने 31 दिसंबर तक कई ट्रेनें कैंसिल कर दी हैं. रेलवे ने काफी ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है. इसके साथ ही कई ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया है. अगर आपने यात्रा का प्लान बनाया है तो उससे पहले आप अपनी गाड़ी का स्टेटस जरूर चेक कर लें.
नॉर्दर्न रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, 16 से 31 दिसंबर के बीच कुल 34 ट्रेनें कैंसल रहेंगी. 26 ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी घटाई गई है. 4 ट्रेनों को आंशिक रूप से निरस्त किया है. जिन ट्रेनों को कैंसिल किया जा रहा है, उनमें कुछ ट्रेनें ऐसी भी हैं, जो रोज चलती हैं. इन ट्रेनों के कैंसिल होने से यात्रियों को काफी दिक्कत हो सकती है. हालांकि, इन ट्रेनों में जिन यात्रियों ने पहले से टिकट रिजर्व करवा रखे होंगे, उन्हें किराया रिफंड किया जाएगा.
जिन 34 ट्रेनों को कैंसल किया जा रहा है, उनमें आनंद विहार-सीतामढ़ी, आनंद विहार-दानापुर, दिल्ली जंक्शन-मालदा टाऊन, आनंद विहार-कामाख्या, दिल्ली जंक्शन-अलीपुरद्वार, नई दिल्ली- न्यू जलपाईगुड़ी, दिल्ल जंक्शन-कटिहार स्पेशल शामिल हैं. इनके अलावा अमृतसर-हरिद्वार, अमृतसर-जयनगर, कोलकाता-अमृतसर, अमृतसर-डिब्रूगढ़, अमृतसर-अजमेर स्पेशल जैसी कुछ अन्य ट्रेनें भी शामिल हैं, जो अब 31 दिसंबर तक कैंसिल रहेंगी.

