रांची: केंद्रीय कैबिनेट सचिव राजीव गौबा ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों और स्वास्थ्य सचिवों की एक बैठक की अध्यक्षता की और कोविड-19 प्रबंधन की स्थिति की समीक्षा की.
बैठक की शुरुआत में ही कैबिनेट सचिव ने कहा कि रेलवे ने 3.5 लाख से अधिक प्रवासी श्रमिकों को ले जाने के लिए 350 से अधिक श्रमिक विशेष ट्रेनें चलाई हैं. उन्होंने राज्य सरकारों से अनुरोध किया कि वे और अधिक श्रमिक स्पेशल ट्रेनें चलाने में रेलवे के साथ सहयोग करें. उन्होंने वंदे भारत मिशन के तहत विदेशों से भारतीयों की वापसी पर भी राज्यों के सहयोग का उल्लेख किया.
कैबिनेट सचिव ने इस बात पर जोर दिया कि डॉक्टरों, नर्सों और पैरामेडिक्स का आवागमन पूरी तरह बाधा रहित होना चाहिए और कोरोना वारियर्स की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी कदम उठाए जाने चाहिए. बैठक में राज्य के मुख्य सचिवों ने अपने-अपने राज्यों की स्थिति के बारे में बताया और यह भी कहा कि जहां कोविड से सुरक्षा की आवश्यकता है वहीं आर्थिक गतिविधियों को भी बड़े पैमाने पर सुधारने की भी जरूरत है.

