नई दिल्ली: देश के अधिकांश हिस्सों में लगातार हो रही भारी बारिश ने इस सितंबर को पिछले 102 साल में सबसे बारिश वाला महीना बना दिया है. रिपोर्ट के मुताबिक सितंबर में पूरे भारत की औसत बारिश 247.1 मिमी हुई है, जो सामान्य से 48% ज्यादा है. इस साल सितंबर में हुई भारी बारिश भारतीय मौसम विभाग के रिकॉर्ड के मुताबिक 1901 के बाद से तीसरे स्थान पर है.
सबसे ज्यादा बारिश के मामले में सितंबर दूसरे स्थान पर
इस महीने की बारिश 1983 (255.8 मिमी) के आंकड़े को पार करने की उम्मीद है. इसके बाद, इस साल का सितंबर सबसे ज्यादा बारिश के मामले में 1917 (285.6 मिमी) के बाद दूसरे स्थान पर आ जाएगा. चार महीने की अवधि तक चलने वाला इस साल का मानसून पिछले 25 सालों में सबसे ज्यादा बारिश भी देखने वाला मौसम बन गया है. पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और गुजरात के कई हिस्सों में रेड अलर्ट जारी किया गया है. इस साल मानसून की शुरुआत थोड़ी देरी से हुई और सोमवार को खत्म होने की उम्मीद है.
पिछले 31 सालों में सबसे ज्यादा भारी बारिश
अगस्त और सितंबर के महीनों में पिछले 31 सालों में सबसे ज्यादा भारी बारिश हुई है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, प्रशांत महासागर में एल नीनो की स्थिति, हिंद महासागर में एक साथ बनी स्थितियां और बंगाल की खाड़ी में कम दबाव प्रणालियों की एक सिरीज का निर्माण, इस भारी बारिश के लिए जिम्मेदार है. रिपोर्ट में मौसम विभाग के महानिदेशक मौसम विज्ञान मृत्युंजय महापात्र के हवाले से कहा गया है कि कम से कम अगले चार और पांच दिनों से पहले मानसून के जाने के कोई संकेत नहीं हैं.

