रांची: झारखंड की राजधानी रांची समेत कई जिलों में बुधवार दोपहर बाद हुई छिटपुट बारिश से एक बार फिर कनकनी बढ़ गयी है. देर रात तक शहर में हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहा.
रांची स्थित भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी पूर्वानुमान में बताया गया है कि गुरुवार को राज्य के मध्य और उत्तरी क्षेत्र में बारिश हो सकती है. इसके कारण तापमान में गिरावट आने से ठंढ बढ़ने की संभावना है.
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि झारखंड के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ का असर है. इसी कारण मौसम में बदलाव हो रहा है. मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार व शुक्रवार को भी सामान्यतः बादल छाए रहेंगे और राज्य के कई हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश व गर्जन होने की संभावना है.
मौसम विभाग के अनुसार झारखंड में अगले 2 दिनों के दौरान रात के तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी और उसके बाद 3.5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने की संभावना बनी हुई है. 10 जनवरी को मौसम साफ होगा. सुबह कोहरा छाएगा, दिन में धूप निकलेगी.

