लखीसराय: बरसात लगातार जारी है. कुछ दिनों से लगातार रूक रूक कर हो रही बरसात से नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत जल जमाव की समस्या बन गई है.
कॉलोनियों से लेकर सरकारी दफ्तरों में भी बारिश का पानी जमा होने लगा है. नगर परिषद द्वारा बरसात से पहले नाले की सफाई और जल जमाव से निबटने की योजना की पोल खुल गई है.
अभी से ही जिले के दो दर्जन वार्डों में बारिश का पानी सड़कों पर जमा होना शुरू हो गया है. कॉलोनियों में नाला की सफाई ना होने और निकास का रास्ता बंद रहने के कारण नारकीय स्थिति बन गई है.
सबसे बुरा हाल लखीसराय प्रखंड मुख्यालय का है. लगातार रूक रूक हो रही बरसात होने के कारण प्रखंड कार्यालय के पिछले गड्ढा का पानी पूरे इलाके में फैल गया है.
वार्ड नंबर पांच शहर का मुख्य मोहल्ले के रूप में जाना जाता है. लेकिन इस मोहल्ले की पीसीसी सड़क पर महीनों से नाला का पानी तालाब का रूप ले चुका है. स्थानीय निवासी रास्ता बदलकर घर से निकलने को मजबूर हैं.
कुछ दिन पूर्व ही लखीसराय विधायक सह श्रम मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कार्यानंदनगर मोहल्ले के जल जमाव का निदान करने का निर्देश दिया था. लेकिन, मंत्री के आदेश के आदेश का नगर परिषद कर्मचारियों पर कोई असर नहीं दिखा.
स्थानीय निवासी अनिल कुमार ने बताया कि हमलोग कुडे और नाली का बदबू दे रहे पानी के बीच रहने को मजबूर हैं. नगर परिषद पर कोई असर नहीं होता दिख रहा है. जलजमाव के कारण घरों से निकलना मुश्किल हो गया है. इधर प्रखंड कार्यालय के पीछे बरसात और नाले का पानी फैलने से अंचल कार्यालय, बाल विकास परियोजना कार्यालय, पशुपालन विभाग का कार्यालय, सरकारी कर्मचारीयों के आवास में पानी जमा होने के कारण लोगों की मुसीबत बढ़ गई है.
नगर परिषद के सभापति अरविद पासवान ने कहा कि शहरी क्षेत्र में बारिश के बाद जहां – जहां भी जल जमाव की स्थिति बन रही है वहां तुरंत पानी निकाला जा रहा है.

