-
राज्य में अब तक सामान्य से 13 फीसदी कम बारिश
रांची: झारखंड में पिछले 24 घंटों में मॉनसून सामान्य रहा. इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हुई, सबसे अधिक 37 मिमी बारिश सिमडेगा में हुई.
मौसम पूर्वानुमान में अगले चार दिनों तक राज्यभर में अच्छी बारिश की संभावना जतायी गयी है. जबकि 15 अगस्त को मौस्म साफ रहने की उम्मीद है.
रांची स्थित भारतीय मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में एक जून से 10 अगस्त तक सामान्य से करीब 13 प्रतिशत कम बारिश हुई है.
उन्होंने बताया कि इस अवधि में सामान्य तौर पर 625.6 मिमी बारिश होती है, लेकिन इस वर्ष अब तक सिर्फ 546.9मिमी बारिश हुई है.
उन्होंने बताया कि राज्य के तीन जिलों पलामू, लातेहार और रामगढ़ में अब तक सामान्य से अधिक बारिश हुई है, जबकि बारह जिलों में सामान्य और नौ जिलों देवघर, पाकुड़, साहेबगंज, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो, चतरा और गुमला में सामान्य से कम बारिश रिकॉर्ड की गयी.
मौसम पूर्वानुमान में आगामी 14 अगस्त तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना व्यक्त की गयी है. मौसम पूर्वानुमान में अगले चार दिनों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश और वज्रपात की भी आशंका जतायी गयी है.

