बिहार: बिहार में कोरोना लॉकडाउन के बीच सारण जिले में आसमान से आफत बरसी है. सारण के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में रविवार को आकाशीय बिजली गिरने से 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के बाद इलाके में इलाके में कोहराम मच गया है. जिन लोगों की मौत हुई है, उनके घरों में मातम पसर गया है.
मुफस्सिल थाना के प्रभारी कर्मवीर सिंह ने बताया, “खलपुरा दियारा क्षेत्र में दियारा इलाके में सुबह कुछ ग्रामीण सब्जी की खेत में पहुंचे थे. इसी दौरान तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई. बारिश से बचने के लिए सभी लोग पास की एक झोपड़ी में इकट्ठा हो गए. इसी बीच आकाशीय बिजली झोपड़ी पर गिरी, जिसकी चपेट में आने से 9 लोगों की मौत हो गई.”
थाना प्रभारी ने बताया कि इस घटना में अन्य तीन लोग घायल हो गए है, जिन्हें आनन-फानन में सदर अस्पताल ले जाया गया. घायल लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे. इधर, घटना के बाद से गांव में मातम का माहौल है.

