बैंगलोरः भाजपा के रमेश जरकीहोली ने पीछले दिनों वायरल हुई अश्लील सीडी कांड पर मंगलवार को मीडिया से बात की. इस दौरान सीडी को लेकर उन्होंने कई खुलासे किए और कहा कि इस सीडी में कोई सच्चाई नहीं है. जरकीहोली ने कहा, ‘यह मेरे खिलाफ साजिश है. मुझे 4 महीने पहले सीडी के बारे में पता था. मुझे इसके रिलीज होने से भी 24 घंटे पहले जानकारी थी. यह नकली सीडी है. यह काम 2-3 लोगों द्वारा किया गया है. मैं कुछ और नहीं उजागर करना चाहता बस इतना कि उनके जेल जाने तक मैं उनका पीछा नहीं छोड़ूंगा.’
जरकीहोली ने आगे कहा कि राजनेताओं को ऐसे ब्लैकमेल और षड्यंत्रों से बचाने के लिए कानून होना चाहिए. वहीं, उन्होंने कहा कि इस साजिश के पीछे देवगौड़ा परिवार नहीं है. जरकीहोली बोले, ‘मैं एचडी कुमारस्वामी और उनके परिवार को दोष नहीं देता. एचडी रेवन्ना और एचडी कुमारस्वामी ने सीडी रिलीज के ठीक बाद मुझसे बात की.’
जरकीहोली ने कहा कि इस पूरी घटना ने उनकी पत्नी और बच्चों को सबसे ज्यादा आहत किया. उन्होंने बताया कि इस पूरी साजिश में करोड़ों का आदान-प्रदान किया गया. इसके अलावा, दो फ्लैट एक विदेशी देश में दिए गए थे … मुझे ज्यादा जानकारी नहीं है लेकिन जिसने भी मुझे इस स्थिति में डाला है, मैं उसे तब तक नहीं जाने दूंगा, जब तक कि मैं उसे जेल नहीं भेजूंगा.
बता दें कि कर्नाटक के समाचार चैनलों में पिछले दिनों एक वीडियो क्लिप सामने आया था,जिसमें रमेश जरकीहोली एक महिला के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखे गए. वहीं, इसके बाद सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश कल्लाहल्ली ने नौकरी के नाम पर यौन उत्पीड़न करने और महिला व उसके परिवार को धमकाने का आरोप लगाते हुए मंत्री के खिलाफ मामला दर्ज कराया था. हालांकि, कल्लाहल्ली ने बाद में कहा था कि वह अपनी शिकायत वापस लेंगे.मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा को इस्तीफा सौंपते हुए रमेश ने कहा था कि मुझ पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं और इनकी जांच होनी चाहिए. मुझे अपने निर्दोष होने पर भरोसा है. नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मैं मंत्री पद से इस्तीफा दे रहा हूं. बताया जा रहा है कि पार्टी हाईकमान के निर्देश के बाद रमेश ने इस्तीफा दिया है.

