पलामू व उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल में ट्रैक्टर रैली को लेकर बैठक आज
रांची: झाररखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और राज्य के वित्त तथा खाद्य आपूर्ति डॉ. रामेश्वर उरांव और कृषिमंत्री बादल नई दिल्ली में पार्टी के आला नेताओं से मुलाकात कर बुधवार को वापस रांची लौटे. रांची हवाईअड्डे पर पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे समेत अन्य पार्टी नेताओं-कार्यकर्ताओं ने उनका माला पहना कर स्वागत किया.
राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा हवाईअड्डे पर पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि नई दिल्ली दौरे के क्रम में पार्टी के महासचिव केसी वेणुगोपाल से मुलाकात हुई.
इस दौरान पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई. उन्होंने बताया कि झारखंड के कई जिले पश्चिम बंगाल की सीमा से लगे है, जबकि असम में टी- गार्डन में बड़ी संख्या में झारखंड के भी जनजातीय समुदाय लोग काम करने गये है.
कांग्रेस कार्यकर्ता इन दोनों राज्यों के विधानसभा चुनाव में हरसंभव सहयोग करें. उन्हें भी पार्टी नेतृत्व की ओर से जो भी जिम्मेदारी दी जाएगी, उसे निभायेंगे. उन्होंने बताया कि वे चाहेंगे यदि चुनाव प्रचार की जिम्मेवारी मिलती है, तो दार्जिलिंग और टी-गार्डन बहुल इलाके में जाने की कोशिश करेंगे, क्योंकि उस क्षेत्र में बड़ी संख्या में झारखंड के लोग और जनजातीय समाज के लोग रहते है, क्षेत्र के लोग उनकी बात को सुनेंगे.
इस मौके पर कृषिमंत्री बादल ने बताया कि गठबंधन सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल में हुए कार्यों की जानकारी पार्टी नेतृत्व को दी गयी, पार्टी नेतृत्व ने प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव के नेतृत्व में किये जा रहे कार्यों की सराहना की है.
उन्होंने बताया कि दिल्ली दौरे के क्रम में वे आंदोलनरत किसानों से भी मिलने गये और उन्हें नैतिक समर्थन बताते हुए कहा कि उनके द्वारा जिस आंदोलन की नींव रखी गयी, अलख जगहायी गयी है, वह झारखंड समेत देश के सुदूरवर्ती हिस्सों में भी फैल चुका है.
उन्हें बताया गया है कि किसान आंदोलन के समर्थन में संथाल परगना में भी ट्रैक्टर रैली आयोजित की गयी, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया. इसलिए जो लोग यह दिभ्रमित करने का प्रयास कर रहे है कि यह आंदोलन कुछ हिस्से के किसान ही कर रहे है, यह बात पूरी तरह से गलत है.
किसान नेता बताया कि जरूरत पड़ने पर वे झारखंड समेत देशभर के दूसरे हिस्सों में जाएंगे, यदि वे झारखंड आएंगे तो उनका जोरदार स्वागत किया जाएगा और जब तक केंद्र सरकार द्वारा किसानों के लिए जारी डेथ वारंट को वापस नहीं ले लिया जाता है, तब तक यह आंदोलन जारी रहेगा.
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने बताया कि संथालपरगना प्रमंडल की तरह ही हजारीबाग और पलामू प्रमंडल में भी ट्रैक्टर रैली आयोजित की जाएगी, इसे लेकर कर रांची में पार्टी नेताओं और पदाधिकारियों की बैठक बुलायी गयी है.

