रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से दस महीने के बाद फिर से एक बार सदस्यता अभियान की शुरुआत की जा रही है. पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सह वित्त तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव 12 जनवरी को रामगढ़ में सदस्यता अभियान की शुरुआत करेंगे.
प्रदेश कांग्रेस के सदस्यता अभियान के प्रभारी आलोक कुमार दूबे ने बताया कि कोरोना संक्रमण के फैलाव के पहले राज्य के सभी पांचों प्रमंडलों में रांची, बोकारो, चाईबासा, गुमला, चतरा व देवघर में कार्यक्रम आयोजित कर सदस्यता अभियान की शुरुआत की गयी थी, लेकिन वैश्विक महामारी कोरोना वायरस कोविड-19 के खतरों के कारण सदस्यता अभियान को स्थगित कर दिया गया था, लेकिन अब एक बार फिर से सदस्यता अभियान की शुरुआत की जा रही है.
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष चले अभियान के दौरान 5.5 लाख सदस्य बनाया गया था और अब इस बार 15 लाख सदस्य बनाने की योजना है. पार्टी के सभी पदाधिकारी, विधायक, सांसद, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद और वरिष्ठ नेता-कार्यकर्त्ता सदस्यता अभियान को सफल बनाने में जुटेंगे.
आलोक कुमार दूबे ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में सदस्यता अभियान को लेकर वर्षों पुरानी परंपरा रही है, फॉर्म भर कर सदस्य बनाये जाते हैं, पिछले दिनों चलाये गये सदस्यता अभियान में कई राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों और विभिन्न क्षेत्रों के बुद्धिजीवियों और समाज के सभी वर्ग के लोग को संगठन से जोड़ा गया था.
इस बार भी अभियान चलाकर संगठन से आम से लेकर खास सभी लोगों को जोड़ा जाएगा. उन्होंने कहा कि सदस्यता अभियान के माध्यम से ही आजादी के पहले और स्वतंत्रता प्राप्ति के 70 वर्षों बाद तक संगठन को मजबूत बनाने का काम होता रहा है. इस अभियान के माध्यम से पार्टी के नेता-कार्यकर्त्ता आम लोगों के बीच जाकर उन्हें संगठन से जोड़ने काम करते हैं.
सदस्यता प्रभारी ने बताया संगठन को सशक्त बनाने का यह सबसे उत्तम माध्यम है और हमारी कोशिश होगी कि बूथ स्तर तक शिविर लगाकर कांग्रेस की विचारधारा के साथ समाज के हर वर्ग को खासकर युवाओं को जोड़ने का प्रयास होगा.

