रांची: राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 28 और 29 फरवरी को दो दिवसीय दौरे पर झारखंड आ रहे हैं. इस दो दिवसीय दौरे के दौरान रांची, गुमला सहित देवघर में उनका कार्यक्रम होगा.
सेंट्रल यूनिवर्सिटी, झारखंड के दीक्षांत समारोह में लेंगे भाग
राष्ट्रपति 28 फरवरी को दोपहर 1 बजकर 35 मिनट पर रांची के बिरसा मुण्डा एयरपोर्ट पंहुचेंगे. उसी दिन अपराह्न 4.40 बजे से 5.30 बजे तक रांची के चेरी मनातू स्थित सेंट्रल यूनिवर्सिटी, झारखंड के कार्यक्रम में भाग लेंगे. वे यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह का हिस्सा बनेंगे और उसके नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करेंगे.
अगले दिन 29 फरवरी को राष्ट्रपति गुमला जिले के बिशुनपुर में 10.20 बजे से 11.30 बजे तक विकास भारती के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. उसी दिन दोपहर एक बजे वे देवघर पहुंच कर बाबा वैद्यनाथ की पूजा-अर्चना करेंगे.
राष्ट्रपति 1 मार्च को पूर्वाह्न 10 बजे रायपुर के लिए प्रस्थान करेंगे.

